पुस्तक समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
पुस्तक समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 3 जून 2025

मुरादाबाद मंडल के जनपद संभल (वर्तमान में गुरुग्राम निवासी) के साहित्यकार डॉ गिरिराज शरण अग्रवाल के बाल गीत संग्रह सपनों को उड़ान दो पर लखनऊ के बाल साहित्यकार डॉ सुरेन्द्र विक्रम का समीक्षात्मक आलेख....

 


डॉ. गिरिराजशरण अग्रवाल
बहुआयामी व्यक्तित्त्व के धनी हैं। उनके द्वारा संपादित लिखित एवं प्रकाशित पुस्तकों की संख्या शताधिक है। उन्होंने बड़ों के लिए जहाँ कविताएँ, कहानियाँ शोध आलेख तथा व्यंग्य रचनाओं का सृजन किया है, वहीं बच्चों के लिए भी मनोहरी रचनाएँ लिखी हैं। विशेष रूप से बाल नाटकों, बाल कहानियों के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियाँ प्रशंसनीय हैं।उन्होंने डॉ. अग्रवाल जहाँ बच्चों को मानव सभ्यता का इतिहास बताते हुए उन्हें अतीत में ले चलते हैं, वहीं महापुरुषों के विचारों को वर्तमान से जोड़ते हुए इनसे प्रेरणा लें नामक पूरी श्रृंखला ही भावी पीढ़ी को सौंप देते हैं। 

        हिन्दी के वरिष्ठ प्राध्यापक, शोध अध्येता, सैकड़ों पुस्तकों के लेखक, संपादक, प्रकाशक और कुल मिलाकर एक सहज व्यक्तित्त्व के धनी डॉ. गिरिराजशरण अग्रवाल से मिलना हर बार न‌ई ऊर्जा से भर देता है। यह मेरा सौभाग्य है कि लगभग तीन दशकों से मैं उनका स्नेहभाजन रहा हूँ। हिन्दी बालसाहित्य शोध का इतिहास पुस्तक लिखते समय मैंने उनके सुदीर्घ अनुभव का बराबर लाभ उठाया है। बार-बार मोबाइल से उनसे संदर्भ पूछता रहता था। उनके संपादन में प्रकाशित शोध संदर्भ के मोटे-मोटे क‌ई खंड मेरे पास हैं। 
    मेरे बालसाहित्य सृजन पर हुए पहले शोध प्रबंध को उन्होंने ही अपने प्रकाशन से पुस्तकाकार प्रकाशित करके पूरे देश में पहुँचाया है। उसकी प्रतियाँ विभिन्न पुस्तकालयों में आज भी उपलब्ध हैं। क‌ई शोधकर्ताओं ने अपने -अपने शोध प्रबंधों में उसे उद्धृत किया है।
        साहित्य की हर विधा में अपनी मजबूत पकड़ बनाना इतना आसान नहीं होता है। एक को पकड़ो तो दूसरा छूटने का खतरा बराबर बना रहता है।, लेकिन माँ वीणापाणि सरस्वती की जिसके ऊपर कृपा हो, उसके लिए सब आसान हो जाता है। डॉ. गिरिराजशरण अग्रवाल अपने विपुल लेखन के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बराबर रुचि लेते रहे हैं। रोटरी क्लब में भी उनकी सक्रिय साझेदारी रही है। एक सफल रोटेरियन के रूप में आज भी उनकी पहचान बनी हुई है। 
        इतनी सक्रियता के बावजूद फोन पर लंबी साहित्यिक चर्चा करते हैं और अपने सुझावों से हमारा मार्गदर्शन करते हैं। इन तीन दशकों में ऐसा कभी नहीं हुआ है कि उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया। कभी अगर नहीं लगा तो पलटकर देखते ही फोन किया। पिछले दिनों न‌ई दिल्ली की एक बैठक में पुस्तक प्रकाशन की चर्चा आते ही उन्होंने उसके प्रकाशन का जिम्मा अपने ऊपर लेते हुए कहा था कि मैं हिन्दी साहित्य निकेतन से उसे प्रकाशित कर दूँगा। दुर्भाग्यवश वह योजना ही फ्लॉप हो गई।
         इधर बच्चों की कविताओं को लेकर उन्होंने बड़े अद्भुत प्रयोग किए हैं। उनकी पुस्तक सपनों को उड़ान दो में कुल 40 बालगीतों को संकलित किया गया है। 
       गाँव और शहर के अंतर को स्पष्ट करता हुआ उनका यह बालगीत संवेदना के धरातल पर सहज ही हमारा ध्यान आकृष्ट करता है। गाँव से बड़े-बड़े सपने लेकर चला हुआ व्यक्ति शहर की भागमभाग में ऐसा उलझता है कि उसे अपना ही ख्याल नहीं रहता है। निम्नलिखित पंक्तियाँ देखिए -----

जब से यहाँ गाँव से आया
नहीं किसी से मैं मिल पाया।
जब भी मिले पड़ोसी अंकल 
बाय-बाय कर पिंड छुड़ाया। 
संबंधों में खाना पूरी 
दीदी ऐसी क्या मजबूरी?
अपना गाँव याद है आता 
जहाँ सभी से अपना नाता। 
खेल-खेल में सब दुख भूलें 
सब हैं दोस्त सभी हैं भ्राता। 
शहरों में क्यों होती दूरी 
दीदी ऐसी क्या मजबूरी।

नदियों से मानव जीवन जुड़ा हुआ है। सच्चाई तो यह है कि बिना नदियों के स्वस्थ और सार्थक समाज की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। इसलिए हमारा दायित्त्व है कि नदियाँ स्वच्छ रहें, उनमें कूड़ा -करकट इकट्ठा न होने पाए। कभी-कभी नदियों का उद्गमस्थल हमें पता नहीं चलता कि इनकी यात्रा कहाँ से शुरू होकर कहाँ पर समाप्त होती है। एक ऐसा ही प्रेरणादायक बालगीत इस पुस्तक में दिया गया है -----

नदी कहाँ से तुम आती हो
नदी कहाँ तक तुम जाती हो। 
तुम्हें देख लगता है ऐसा 
जीवन क्या है बतलाती हो। 
ऊँचे पर्वत की चोटी से
तुम बनाकर धारा आती हो। 
सूखी धरती को संचित कर 
सागर में तुम मिल जाती हो।
नदियाँ जल का अगम स्रोत हैं। 
सबकी प्यास बुझतीँ पल-पल।
लेकिन हम लालच में आकर 
दूषित कर देते निर्मल जल।
नदियों के तट पर ऋषियों ने 
पाया अद्भुत ज्ञान जगत का। 
तीर्थ बने नदियों के तट पर 
पाया हमने ज्ञान विगत का।

प्रकृति -पर्यावरण, मौसम, पेड़ -पौधे सब मानव के लिए जरूरी हैं, लेकिन हम इनके प्रति कितना जागरुक हैं, यह प्रश्न विचारणीय है। पेड़ों को लगाना तो आवश्यक है ही, उनका संरक्षण और समय-समय पर कटाई-छटाई भी बहुत जरूरी है। पेड़ रहेंगे तो पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा-----
हम सब पेड़ लगाएँ मिलकर 
पर्यावरण बचाएँ मिलकर।
इमली, जामुन, नीम लगाएँ 
पक्षी मिल घोसले बनाएँ। 
पेड़ लगाकर भूल न जाएँ
गफलत में ये सुख न जाएँ। 
प्राणवायु मिलती पेड़ों से 
खुशहाली बढ़ती पेड़ों से। 
पेड़ हमारे जीवनदाता 
इनसे हर प्राणी का नाता। 
जहाँ पेड़ हैं, वन- जंगल हैं 
वर्षा वहीं, वहीं पर जल है।

हमें आए दिन भूकंप आने की खबरें मिलती रहती हैं। कुछ भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक होती है है, उससे अपार धन-जन की हानि हो जाती है। हमें भूकंप के बारे में विस्तार से जानकारी इसलिए भी आवश्यक है ताकि हम अपने को उससे सुरक्षित रखने का उपाय कर सकें। प्रस्तुत संग्रह की भूकंप कविता सहज ही हमारा ध्यान आकृष्ट करती है ---

क्यों आता भूकंप बताया 
पापा जी ने मुझको।
 धरती के नीचे चट्टानें, आपस में टकरातीं। 
इसी केन्द्र से शक्ति तरंगें, कंपन को फैलातीं। 
बिल्कुल जैसे शांत सरोवर, में तुम पत्थर फेंको 
और उसी क्षण पानी के, ऊपर लहरें उठ आतीं। 
धरती भी तो बँधी हुई है , इन परतों की डोर से। 

आता जब भूकंप हिला, करती है धरती सारी। 
बड़े-बड़े भवनों को उस, क्षण होती है क्षति भारी। 
आग कहीं लगती है तो फिर आती कहीं सुनामी। 
टूटे बाँध और पुल टूटे, मानव की लाचारी। 
टूटी-फूटी दीवारों को देख रहे हम भोर से।

        अद्विक प्रकाशन प्रा. लि. दिल्ली ने इस पुस्तक को बड़े आकर्षक ढंग से रंगीन चित्रों सहित प्रकाशित किया है। अच्छा कागज, सुंदर छपाई और मनमोहक आवरण पुस्तक में चार चाँद लगा रहे हैं। 



कृति : सपनों को उड़ान दो (बाल गीत संग्रह )
रचनाकार : डॉ गिरिराज शरण अग्रवाल 
संस्करण :2023
मूल्य : 250₹
प्रकाशक : अद्विक पब्लिकेशंस, दिल्ली

समीक्षक
: डॉ सुरेन्द्र विक्रम
             सी 1245, एम आई जी
              राजाजीपुरम 
              लखनऊ 226017
               उत्तर प्रदेश, भारत 

रविवार, 16 मार्च 2025

मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ आर सी शुक्ल की काव्य कृति ....एक छोटा आदमी बड़ा हो ही नहीं सकता की राजीव सक्सेना द्वारा की गई समीक्षा ....कविताओं के जरिए बिखरे सामाजिक यथार्थ की पड़ताल

 पुरुष कितना भी बड़ा हो जाये

  स्त्री से छोटा ही रहेगा

  स्त्री उसकी माँ है .....

  इन कालजयी पंक्तियों के रचनाकार हैं मुरादाबाद  के वरिष्ठ कवि -   डॉ राजेश चन्द्र शुक्ल। हिंदी -अंग्रेजी में अनक़रीब बीस कविता संग्रहों के  रचनाकार  शुक्ल जी केवल पीतल नगरी के ही नहीं बल्कि देश के उन चुनिंदा कवियों में से हैं जो अपने विशद रचनाकर्म के जरिये एक बड़े कैनवास पर 'यथार्थ की रचना  और पुनर्रचना ' करते हैं। इसका जीवंत प्रमाण है उनका सद्य प्रकाशित कविता संकलन --'एक छोटा आदमी कभी बड़ा हो ही नहीं सकता'

  संकलन की कविताओं में शुक्ल जी एक 'जेनुइन' अथवा खाँटी कवि के तौर पर हमारे आसपास के यानी समाज के बिखरे हुए और प्रायः अनचीन्हे यथार्थ की व्यापकता और गहनता से  ही नहीं बल्कि क्वांटम स्तर पड़ताल करते हैं। दरअसल,कविता केवल यथार्थ की पड़ताल ही नहीं हैं बल्कि उसकी रचना और पुनर्रचना भी है।प्रस्तुत संकलन  में  सर्वत्र यही प्रयत्न कवि शुक्ल जी ने पूरी ईमानदारी से किया है। तभी उन्होंने  अपनी अधिकांश कविताओं के विम्ब अपने आसपास के परिवेश और सामान्य जनजीवन से उठाए हैं।प्रस्तुत संकलन की कविताओं के विम्ब और विषय किसी वायवी या रहस्यलोक की सृष्टि नहीं है बल्कि हमारे सामने के यथार्थलोक की सृष्टि ही अधिक हैं। संकलन की भूमिका में कवि शुक्ल जी स्वयं कहते हैं --"कवि के रूप में मैंने चील की तरह ऊँचे आकाश में उड़ने का प्रयास कभी नहीं किया है..."

  कवि शुक्ल कविता संकलन की एक कविता में समाज की विसंगतियों , विद्रूपों  और मनुष्य की नियति पर निर्ममतापूर्वक प्रहार करते हुए कहते हैं --

 कथावाचक खूब सुनाते हैं ऐसी कहानियां

 कि पूजा --पाठ करने से

बदल सकती है आदमी की हैसियत

किन्तु यह सच नहीं है

अंधविश्वासों की मदिरा 

पिलाई जा रही है गरीबों को सदियों से....

  संकलन की संभवतया सबसे तीखी कविता--'रिक्शावाला ' में शुक्ल जी एक विचलित कर देने वाले यथार्थ को उद्घाटित करते हुए कहते हैं--

  तुम हर वक्त

  जूझते रहते हो ऐसे प्रश्नों से

  जिनका कोई हल

  नहीं है तुम्हारे पास

  रिक्शावाला प्रश्न नहीं करता

  किसी मुसीबत के आने पर .....

  अगर कवि शुक्ल जी ने निरंतर क्षरणशील समाज और उसके छिन्न -भिन्न  हो रहे ताने -बाने को अपनी कविताओं का विषय बनाया है तो  अपनी स्त्री विषयक कविताओं में'पछाड़ खाती स्त्री ' को  एक नए आलोक और जीवन संदर्भों के परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत कर स्त्री विमर्श और उसकी मूल संवेदना की अनदेखी भी नहीं की है।स्त्री को लेकर कवि शुक्ल जी ने सचमुच अनूठे विम्ब रचे हैं।

  कभी कथाकार राजेन्द्र यादव ने 'कविता के अंत ' की घोषणा की थी किन्तु प्रभात प्रकाशन प्रकाशन बरेली से प्रकाशित कवि राजेश चन्द्र शुक्ल का यह कविता संकलन न केवल कविता की जययात्रा में सृजनात्मकता के नए प्रस्थान बिंदु उपस्थित करता है अपितु कविता में एक आम पाठक की रुचि और उसके विश्वास को भी  बहाल करता है।कुछ नया पढ़ने और  कुछ क्षण ठहरकर सोचने की दृष्टि से यह काव्य संकलन  पाठकों को निराश नहीं करेगा।



कृति :  एक छोटा आदमी बड़ा हो ही नहीं सकता (काव्य संग्रह)

कवि : आर सी शुक्ल

प्रकाशन वर्ष : 2024

मूल्य : 550₹ 

प्रकाशक : प्रकाश बुक डिपो, बड़ा बाजार, बरेली 243003 

समीक्षक: राजीव सक्सेना, डिप्टी गंज, मुरादाबाद 244001,उत्तर प्रदेश,भारत। मोबाइल फोन नंबर 94126 77565 ई - मेल -rajjeevsaxenaa @ gmail.com

बुधवार, 9 अक्टूबर 2024

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम की ओर से छह अक्टूबर 2024 को साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा के दोहा-संग्रह 'उगें हरे संवाद' पर चर्चा-गोष्ठी का आयोजन

मुरादाबाद की साहित्यिक संस्था हिन्दी साहित्य संगम की ओर से रविवार छह अक्टूबर 2024 को  साहित्यकार योगेन्द्र वर्मा के दोहा-संग्रह 'उगें हरे संवाद' पर  चर्चा-गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन मिलन विहार स्थित आकांक्षा इंटर कॉलेज में हुआ।

    मीनाक्षी ठाकुर द्वारा प्रस्तुत माॅं सरस्वती की वंदना से आरंभ हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. अजय अनुपम ने कहा- "व्योमजी का दोहा-संग्रह 'उगें हरे संवाद' हमें नए स्वस्थ वैचारिक समाज का सशक्त घटक बनाने का पौष्टिक च्यवनप्राश है। उज्ज्वल भविष्य के प्रेरक दोहे समाज को सही दिशा दिखाने में पूर्णतया सक्षम हैं।" 

मुख्य अतिथि राजीव सक्सेना का कहना था - "दोहा जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण छंद को आम व्यक्ति की समस्याओं से जोड़ने में 'उगें हरे संवाद' एक दस्तावेज़ सिद्ध होगी। आने वाले समय में वह इस छंद को और भी अधिक ऊंचाई तक ले जायेंगे।" 

  विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक विश्नोई ने कहा  "व्योम  जी के दोहे वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों का सजीव चित्रण करते हैं।" विशिष्ट अतिथि ओंकार सिंह ओंकार ने भी दोहा संग्रह को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

 कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजीव प्रखर  का कहना था - "समस्या मूलक इन सभी दोहों की यह विशेषता है कि ये समस्या के मात्र तात्कालिक स्वरुप को ही इंगित नहीं करते अपितु कालांतर में वह समस्या क्या एवं कितना विस्तार ले सकती है, इस ओर भी संकेत कर जाते हैं। यही कारण है कि उच्च-स्तरीय बिंबों में गुॅंथा यह दोहा-संग्रह वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की हलचल को भी पाठकों के सम्मुख रख देता है।" 

  ज़िया ज़मीर ने कहा- "व्योमजी के यहां नवगीतों की अपेक्षा दोहों में मुखरता और कटाक्ष अधिक दिखाई देता है और विषयों की विविधता भी। यहां उनका लहजा तीखा भी है और धारदार भी। कहीं-कहीं भाषा शैली क्लिष्ट होने के बावजूद ये दोहे अपना अर्थ स्पष्ट कर जाते हैं।"  

मीनाक्षी ठाकुर ने कहा - "व्योम जी इन दोहों में समाज को आईना भी दिखाते हैं और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ पारिवारिक रिश्तों में मिठास और सामाजिक-संबंधो में उल्लास बनाये रखने की पैरवी भी करते हैं, यही उनके दोहों की आत्मा है।" 

    मनोज मनु ने कहा - "इंटरनेट के इस त्वरित युग में, जहाँ सभी को शीघ्र ही बात के सार तक पहुंचने की तत्परता रहती है, ऐसे समय में व्योम जी का नवगीत के एक सशक्त हस्ताक्षर के रूप में स्थापित होते हुए भी 'गागर में सागर' भरती विधा "दोहा" द्वारा अपनी सारगर्भित बात को नई पीढ़ी तक कम शब्दों में पहुंचाने का माध्यम बनाना उनके दूरदर्शी नज़रिए से भी साक्षात्कार करवाता है।"    

     अंकित गुप्ता अंक ने कहा - "व्योम जी अपनी रचनाओं में सदैव ही दुरूह और भारी-भरकम शब्दों के प्रयोग से बचते रहे हैं और उनकी यह विशेषता पुस्तक में सर्वत्र परिलक्षित होती है‌"।        

    हेमा तिवारी भट्ट द्वारा लिखित समीक्षा का पाठ करते हुए मीनाक्षी ठाकुर ने कहा - "प्रस्तुत दोहा संग्रह में लगभग सभी समकालीन विषयों यथा भ्रष्टाचार, राजनैतिक पतन, गरीबी, मातृभाषा हिन्दी की स्थिति, मंचीय लफ्फाजी, कविता की स्थिति, पारिवारिक विघटन, आभासी सोशल मीडिया युग, चाटुकारिता और स्वार्थपरता जैसे विविध विषयों पर कवि द्वारा अपने उद्गार अपनी विशिष्ट दृष्टि के पैरहन पहनाकर प्रस्तुत किये गये हैं।" 

     विवेक निर्मल ने उक्त कृति पर आधारित सुंदर दोहों के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति की‌। उपरोक्त वक्ताओं के अतिरिक्त जितेन्द्र जौली, राहुल शर्मा, पदम बेचैन, फक्कड़ मुरादाबादी, नकुल त्यागी, डॉ. पूनम गुप्ता, योगेन्द्र पाल विश्नोई, रामदत्त द्विवेदी आदि ने भी संग्रह की उपयोगिता तथा श्री व्योम के दोहा-सृजन पर प्रकाश डाला।       

      कार्यक्रम  में दोहा-पाठ करते हुए चर्चित कृति के रचनाकार योगेन्द्र वर्मा 'व्योम' ने कहा - 

मिल-जुलकर हम-तुम चलो, ऐसा करें उपाय। 

अपनेपन की लघुकथा, उपन्यास बन जाय।। 

धन-पद-बल की हो अगर, भीतर कुछ तासीर। 

जीकर देखो एक दिन, वृद्धाश्रम की पीर।। 

कथनी तो कुछ और पर, करनी है कुछ और। 

इस युग का सिरमौर है, दुहरेपन का दौर।। 

बदल रामलीला गई, बदल गये अहसास।

 राम आजकल दे रहे, दशरथ को वनवास।। 

जितेन्द्र जौली ने आभार अभिव्यक्त किया। 

































सोमवार, 19 अगस्त 2024

मुरादाबाद के साहित्यकार स्मृतिशेष माहेश्वर तिवारी के ग़ज़ल संग्रह “धूप पर कुहरा बुना है" की प्रयागराज के साहित्यकार यश मालवीय द्वारा लिखी भूमिका.....आप माचिस की कोई तीली जलाकर देखिए । यह संग्रह श्वेतवर्णा प्रकाशन,नई दिल्ली ने वर्ष 2024 में प्रकाशित किया है।


अभी-अभी हिन्दी नवगीतों का एक भरा-पूरा प्रतिमान रचकर माहेश्वर तिवारी जी नेपथ्य में गए हैं। अभी उनके बहुत कुछ लिखे हुए की स्याही भी नहीं सूखी है। उनकी सागर मुद्राएँ याद आ रही हैं और याद आ रहा है निर्मल नदी का झरना। आत्मा का अनंत उजास याद आ रहा है। सिर पर धवलकेशी बर्फ़ सजाए हिन्दी की गीत कविता का यह पर्वत क्या कभी भुलाया जा सकेगा? अपनी सज-धज में वह एकदम कविवर सुमित्रानंदन पंत जैसे दिखने लगे थे। वैसा ही बालसुलभ अंतर्मन को भिगो देने वाला व्यवहार और वैसा ही सराबोर कर देने वाला वात्सल्य। मैं और योगेंद्र वर्मा व्योम तो उनके बेटे जैसे ही रहे, उनकी दुआओं की बारिश में तर-ब-तर रहे।

माहेश्वर जी बड़ी संजीदगी के साथ नवगीत की सर्जना करते हुए, ख़ामोशी पहने ग़ज़लें भी कहते रहे। ये ग़ज़लें उनके नवगीतों के महासागर में उग आए नन्हे-नन्हे द्वीपों जैसी हैं और हैरत में डालती हैं। भरपूर कथ्य, सामाजिक और मानवीय सरोकार, संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदन से लबरेज़ यह ग़ज़लें अपने शिल्प में भी अद्भुत रूप से कसी हुई हैं। कथ्य के गहरे दबाव के बाद भी उन्होंने कहीं भी शिल्प से समझौता नहीं किया है, बल्कि उसके व्याकरण की तह में भी उतरे हैं। यह सब कुछ इसलिए हो पाया क्योंकि अधिकांश नवगीतकारों की तरह वो किसी फैशन के तहत ग़ज़लें नहीं कह रहे थे। उन्हें इन ग़ज़लों को प्रकाश में लाने की न कोई हड़बड़ी थी और न ही अधैर्य। वो इन ग़ज़लों को मद्धिम आँच में, बहुत धीरज के साथ पका रहे थे। उन्हें इनसे मंच भी नहीं लूटना था, इस काम के लिए उनके गीत ही काफ़ी थे। उन्हें यह अच्छी तरह से मालूम था कि जिस शहर में रहकर वो रचनाकर्म कर रहे हैं, वहाँ शायरे आजम जिगर मुरादाबादी भी क़याम करते थे।

कैसी प्यारी-सी बात है, आज मुरादाबाद अगर जिगर मुरादाबादी के नाम से जाना जाता है, तो माहेश्वर तिवारी भी उसकी पहचान से जुड़ते हैं। वो इस शहर के पर्याय भी हो गए थे। मुरादाबाद का नाम आने के साथ उँगली के पोरों पर सबसे पहला नाम माहेश्वर जी का ही आता है। यह बात एक बार फिर प्रमाणित हो गई, उनके महाप्रयाण से। पूरा शहर ही विह्वल हो उठा था उनके जाने पर। गलियाँ, सड़कें तक उदास लग रही थीं। समाचारपत्रों के पृष्ठ के पृष्ठ रंग उठे थे। टी.वी. चैनल, दूरदर्शन, रेडियो सभी पर माहेश्वर जी का रेशमी लेकिन मेघमंद्र स्वर गूँज रहा था। सारा शहर बिलख रहा था अपने इस लाडले कवि को खोकर। ऐसा तो होना ही था, निराला का वंशज, नवगीत का अधिष्ठाता, एक बड़ा अनुगायक मौन हो गया था, वाणी का वरदपुत्र शांत हो गया था। पीतलनगरी का स्वर्णकलश समय के जल में तिरोहित हो, कण-कण में व्याप्त हो गया था।

माहेश्वर जी जीवन भर घूमते ही रहे, कहते थे कि कवि तो आप अपने कमरे में बैठकर भी हो सकते हैं, पर छंद की कविता के लिए आपको जंगल, नदी, तालाब, पर्वत, समंदर, मरुस्थल हर जगह की आवारगी करनी होती है। स्वयं माहेश्वर जी बस्ती, इलाहाबाद, गोरखपुर, बनारस, विदिशा, होशंगाबाद होते हुए मुरादाबाद पहुँचे थे। बहुत दिनों तक उनका पता शनीचरा, होशंगाबाद वाला विनोद निगम का जो पता था, वही पत्र-पत्रिकाओं में छपता रहा। वहाँ वह भवानीप्रसाद मिश्र, शलभश्रीराम सिंह, विजयबहादुर सिंह सरीखों के अन्यतम रहे। इसी बीच उनका अपने उपनाम शलभ से मोहभंग हुआ और उन्होंने उसे त्याग दिया। कवि सम्मेलनों में वो छंद की अलख जगाते रहे। पत्र-पत्रिकाओं और काव्य मंचों के बीच आवाजाही करते रहे, एक पुल की तरह ही झूलते रहे। धर्मयुग के पृष्ठों से लेकर कविता के मंचों तक उनकी धूम रही। कवि सम्मेलनों और गंगाजमुनी मुशायरों के लिए हमेशा उनकी अटैची तैयार रहती थी। शायद इसीलिए कैलाश गौतम उन्हें हिन्दी कविता का राहुल सांकृत्यायन कहा करते थे।

माहेश्वर जी अपने नवगीतों के साथ समानांतर रूप से लगातार ग़ज़लें भी कहते रहे थे। एक दिन में ही तो ये इक्यानवे ग़ज़लें हो नहीं गईं। उनके लिए हमेशा कथ्य महत्वपूर्ण रहा, फार्म भले ही कोई हो लेकिन वह समय नवगीत की स्थापना का समय था और वो फोकस भी उसी पर रखना चाह रहे थे। एक रचनाकार की छटपटाहट के चलते बस वो ग़ज़लें भी कह कहकर चुपचाप सँजोते जा रहे थे। नवगीत की स्थापना और इस विधा विशेष में अपनी सिद्धि के बाद इधर के दिनों में उन्हें लगने लगा था कि अब वो सारी ग़ज़लें भी आ ही जाएँ। बीच-बीच में मैं भी ग़ज़लें कहता था और उन्हें सुनाकर संतुष्ट हो जाता था। एक बार उन्होंने कहा था कि देखो पिचकारी दो तरह की होती है, एक तो बड़े से छिद्र वाली होती है, जिससे धार के साथ रंग निकलते हैं और एक होती है, जिसमें कई छिद्र होते हैं, उससे फुहार की शक्ल में रंग निकलते हैं। अब ये तुम्हें तय करना है कि धार बनना है कि फुहार बनकर बिखर जाना है। कितनी क़ीमती बात थी यह। वो अपने संदर्भ में भी जब नवगीत की पूरी तरह से धार बन गए तो फिर सहज ही उनका ध्यान धारदार कही गई अपनी ग़ज़लों की तरफ़ गया।

माहेश्वर जी की सृजनात्मक अनिवार्यता रही, उनकी सहधर्मिणी बालसुंदरी जी। शिव-पार्वती समान दंपति का साहित्य और संगीत का मणिकांचन योग रहा। नवगीतों की ही तरह ग़ज़लों की प्रेरणा भी बालसुंदरी जी ही रहीं। अक्सर वो ही माहेश्वर जी की रचनाओं की प्रथम श्रोता हुआ करती थीं। बहरहाल! अब उन्हें इन ग़ज़लों के माध्यम से नए सिरे से जानना, अनुभव करना और जीना एक नितान्त भिन्न आस्वाद दे रहा है। इन ग़ज़लों में प्रखर राजनैतिक तेवर के साथ, गहरी सामाजिक चिंताओं का निरूपण आंदोलित-उद्वेलित कर रहा है। हताशाओं-निराशाओं के बीच भी कवि उम्मीद की टिमटिमाती हुई लौ जगाए रखता है। उनकी बेहद मक़बूल हुई इस ग़ज़ल का मतला और यह शेर देखिए-

सिर्फ़ तिनके-सा न दाँतों में दबाकर देखिए

इस सदी का गीत हूँ मैं गुनगुनाकर देखिए

एक हरकत पर अँधेरा काँप जाएगा अभी

आप माचिस की कोई तीली जलाकर देखिए

वास्तव में माहेश्वर जी इस सदी का गीत ही हैं और अब इस ग़ज़ल संग्रह के मंज़रे-आम पर आने के बाद यह भी बेझिझक कहा जा सकता है कि इस सदी की ग़ज़ल भी उनकी क़लम में पनाह माँगती है। एक जुझारू आवाज़, एक लड़ती हुई रचना-भंगिमा ही उनकी सर्जना का सच है। एक तरफ़ यह आक्रामक तेवर है तो दूसरी तरफ़ सांद्र संवेदना की यह विरल अभिव्यक्ति भी है, सरापा ग़ज़ल ही मन की शाखें हिलाकर रख देती है-

आप भी क्या गए दिन अँधेरे हुए

काम जो थे सवेरे-सवेरे हुए


टूटती थी हमीं पर सभी बिजलियाँ

डाल के फूल-पत्ते लुटेरे हुए


रेत पर तिलमिलाती रही देर तक

याद मछली हुई दिन मछेरे हुए


एक तिनका हवा में उड़ा देर तक

रात वीरानियों में बसेरे हुए


शाम तक होंठ में बंद थीं हिचकियाँ

चाँद-तारे सवालात मेरे हुए

माहेश्वर जी के जाने से सचमुच लग रहा है जैसे दिन अँधेरे हुए लेकिन इसी भारी समय में उनके ग़ज़ल संग्रह के प्रकाशन से यह भी महसूस हो रहा है कि दबे पैरों से उजाला आ रहा है और यह भी लग रहा है जैसे तीन सवा तीन महीनों की लम्बी यात्रा से जैसे वो घर लौट रहे हैं, फूल फिर कनेरों में आ रहे हैं। नवगीतों की बिंबधर्मिता से अलग है, इन ग़ज़लों का सीधा संवाद, वैसे रेत और मछली उनके मन के बहुत करीब के बिम्ब हैं, उनके गीत का एक मुखड़ा भी याद आता है-

रेत के स्वप्न आते रहे

और हम मछलियों की तरह

नींद में छटपटाते रहे

यह सब लिखते हुए उनकी याद भी मछली हुई जा रही है। पिता उमाकांत मालवीय के जाने के बाद, माहेश्वर जी का जाना, मेरे लिए दुबारा अनाथ होने जैसा है। माहेश्वर जी के रचनाकर्म में घूम फिर कर घर आता है, अपने एक नवगीत में वो कहते हैं- ‘धूप में जब भी जले हैं पाँव, घर की याद आई’, तो ग़ज़ल में कहते हैं-

बैठे हुए नक्शे में नगर ढूँढ रहे हैं 

इस दौर में हम अपना ही घर ढूँढ रहे हैं 

मकते तक आते आते यह ग़ज़ल और भी मार्मिक हो उठती है, जब वो कहते हैं-

जंगल को जलाया था जिन्होंने वही सब लोग

अब झुलसी हुई चिड़िया के पर ढूँढ रहे हैं

माहेश्वर जी की ग़ज़लों में ढूँढे से भी यथार्थ का सरलीकरण नहीं मिलता, अलबत्ता वो जटिल अनुभूतियों की सरल अभिव्यक्ति ही देते आए हैं। अपने सर्जक के प्रति प्रारम्भ से ही एक वीतराग उनमें लक्षित किया जा सकता है। एक ग़ज़लगो के रूप में उन्हें देखना एक सुखद एहसास से भर देता है, अपने नवगीतकार की छाया वो अपने ग़ज़लकार पर नहीं पड़ने देते। जब वो नवगीत रचते हैं तो नवगीत रचते हैं और जब ग़ज़ल कहते हैं तो बस ग़ज़ल कहते हैं। अधिकतर नवगीतकारों की तरह वो ग़ज़ल में नवगीत नहीं रचते। अपना रचना शिल्प ही तोड़ते चलते हैं। किसी कवि के लिए अपना खांचा और सांचा तोड़ना ही बहुत दुश्वार होता है।

माहेश्वर जी ने यह काम बख़ूबी किया है। एक फ़क़ीराना ठाठ और ठेठ कवि की ठसक उनमें क्रमशः गहराती चली गई है। भाषा में एक सधुक्कड़ी मिज़ाज आता चला गया है। एक जेनुइन रचनाकार की परिभाषा अगर देनी हो तो माहेश्वर जी का नाम ही ले लेना काफ़ी होगा। वो सिर से पाँव तक कवि थे। एक कवि को कैसा लिखना चाहिए और कैसा दिखना चाहिए, इन दोनों मामलों में वो अपने आप में एक नज़ीर थे। उन्हें कोई एक नज़र देखकर ही कवि समझ लेता था, हालांकि उन्होंने कभी कवि होने का लाइसेंस नहीं लिया। वो जन्मना कवि थे। कविता ही ओढ़ते-बिछाते थे। छंदों की नई-नई गलियाँ अन्वेषित करते थे। जिस तरह उन्होंने अपने नवगीतों में छंदों के विविध प्रयोग किए हैं, उसी तरह अपनी ग़ज़लों में छोटी बड़ी-कई तरह की बहरों का इस्तेमाल किया। उनकी ग़ज़लों में रदीफें पूरी तरह से चस्पा होकर आती हैं, कहीं भी हैंग नहीं करतीं, तिलभर भी लटकती नहीं, उनका अपना जस्टिफिकेशन होता है। तुक या काफ़िए भी पूरे तर्क के साथ मौजूद मिलते हैं, तभी तो उनकी ग़ज़लों का अपना एक मुहावरा बन पाया है, वो कहते हैं- 

हमको बातों से बहलाना मुश्किल है

निहुरे निहुरे ऊँट चुराना मुश्किल है


समझ गए हम क्या होता है सूरज का

हमको जगनू से बहलाना मुश्किल है

यह उस्तादना रंग संग्रह की बेशतर ग़ज़लों में है, जहाँ वह समय की एक कुशल चिकित्सक की तरह शल्य क्रिया कर रहे होते हैं, पड़ताल कर रहे होते हैं दुनिया जहान की और कविता और जीवन के बीच की खाई पाट रहे होते हैं, जीवन और जगत को नए अर्थ दे रहे होते हैं। ऐसी ही सघन अर्थवत्ता से जुड़े, उनकी ग़ज़लों के कुछ ख़ास शेर इस तरह से हैं-

भर गई है आँख रो लें हम चलो

घाव सारे आज धो लें हम चलो


आँधियों की जाँघ पर दो पल ज़रा 

सिर टिकाए आज सो लें हम चलो 

चिड़िया भी उनके गीतों और ग़ज़लों में रह रहकर फेरा लगाती है, यह मार्मिक शेर देखें -

ख़ून आँखों में भर गई चिड़िया 

काम चुपचाप कर गई चिड़िया


फिर किसी हुक्मरां के पाँवों में 

कार से दब के मर गई चिड़िया 

और यह बेकली भी काबिले गौर है-

हर ओर सुलगते हुए अंगारे बिछे हैं 

कोई तो मिले पानी के बरताव का हामी 

तेंदुआ रदीफ़ से सजी इस ग़ज़ल का विलक्षण मतला और यह दो शेर भी देखें। पूरी ग़ज़ल, ग़ज़ल क्या एक मुकम्मल पेंटिंग है-

सरसराहट घास की पहचानता है तेंदुआ 

और इकदम जिस्म अपना तानता है तेंदुआ

 

घनी झाड़ी में कहीं चुपचाप दुबका हो मगर

तेज़ चौकन्नी निगाहें छानता है तेंदुआ


किस तरह छिपकर कहाँ किसको दबोचा जाएगा

यह बहुत अच्छी तरह से जानता है तेंदुआ 

यह कमाल अपने एक नवगीत में भी माहेश्वर जी ने पूरी शिद्दत के साथ अंजाम दिया है, वो कहते हैं-

अगले घुटने मोड़े 

झाग उगलते घोड़े

जबड़ों में कसती वल्गाएँ हैं, मैं हूँ

भोपाल के नवगीत समारोह में स्वयं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार स्वामीनाथन जी ने इन पंक्तियों को एक ख़ूबसूरत पेंटिंग की संज्ञा दी थी।

निश्चित ही उनकी ग़ज़लों के संग्रह का प्रकाशन एक बड़ी परिघटना है और समकालीन ग़ज़ल विधा में एक बड़ा इज़ाफ़ा है। अफसोस कि यह कारनामा देखने के लिए स्वयं माहेश्वर जी ही अब हमारे बीच नहीं हैं। बावजूद इस तकलीफ़ के मैं प्रसिद्ध कथालेखिका कृष्णा सोबती के इस कथन पर गहरा यक़ीन रखता हूँ, जिसमें वह कहती हैं कि ‘लेखक की एक ज़िन्दगी उसकी मौत के बाद शुरू होती है।’ माहेश्वर तिवारी इस ग़ज़ल संग्रह के माध्यम से जैसे फिर हमारे बीच लौट रहे हैं, नए सिरे से ज़िन्दा हो रहे हैं। अभी तो बस यही लगता है कि कल ही शाम तो उनका फोन आया था, पूछ रहे थे- बेटा कैसे हो ? अहमद फराज़ का एक शेर बहुत देर से ज़ेहन पर दस्तक दे रहा है-

दिल धड़कने की सदा आती है गाहे-गाहे

जैसे अब भी तेरी आवाज़ मेरे कान में है

 


✍️ यश मालवीय

‘रामेश्वरम’

ए-111, मेंहदौरी कॉलोनी,

प्रयागराज- 211004, उ0प्र0

मोबाइल- 6307557229

मंगलवार, 2 जुलाई 2024

मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ मक्खन मुरादाबादी के अभिनव गीत-संग्रह “गीतों के भी घर होते हैं” की डॉ काव्य सौरभ जैमिनी द्वारा की गई समीक्षा .... संवेदनशीलता को बचाने की मुहिम में सशक्त आवाज

  आभासी दुनिया के इस युग में गीत की गरिमा को जीवित रखना एक दुष्कर कार्य है। समय की मांग के अनुसार चल कर ही गीत को बचाया जा सकता है। नवगीत की परंपरागत  शैली से कुछ इतर प्रयोग कर डॉ मक्खन मुरादाबादी ने अभिनव गीत के माध्यम से सरलता व कोमलता के साथ यथार्थ को समाविष्ट कर एक अभिनव पहल की है। "गीतों के भी घर होते हैं" में विषय की विविधता एवं संवेदनाओं का विस्तार है। बौ‌द्धिक चेतना से ओतप्रोत इन गीतों में वैचारिक गांभीर्य है। जीवन की विषमताओं एवं कठोरता के चित्रण के साथ लालित्य भी है। संग्रह के गीतों मे आन्तरिक एवं बाह्य संवेदनाओं का एक संतुलित रूप दिखाई देता है। कुछ पंक्तियाँ अनायास ही आनंदित कर देती हैं:

स्वरलिपियों से गति दे दो

ठहरे लगते पानी को

मधुर ताल लय में कर दो

पड़ी बेसुरी बानी को

अस्वीकृत मूल्यों प्रति विद्रोहात्मक रवैया एवं आक्रोश बेहद शांत रूप में प्रदर्शित किया है मक्खन जी ने :

संविधान की आड़ लिए जो

साजिश पहने ढोंग खड़ी है

सिद्ध यही उसको है करना

इस पुस्तक से बहुत बड़ी है

क्योंकि अकेले आज़ादी का

उसका कुनबा युद्ध लड़ा है

समसामयिक और संवेदनशील मु‌द्दों पर बेबाकी से लिखा है:

फंसी धर्म में जो थी गाड़ी

अटकी है अब जाति -पाँति पर

कुटिल सियासत प्रश्न पूछती

अपने घर की बढ़ी ख्याति पर

जग है लट्टू, पर ना खुश है

चुकी हुई धुन का साजिन्दा

मक्खन जी की सत्यान्वेषी दृष्टि मानव को दिशा-बोध करा रही है:

बुरे-भले को ठोंक-बजाकर

उसका सत्व निकालें

अच्छे को तो सभी निभाते

थोड़ा बुरा भी निभा लें

चलकर ही तो सत्यपथ मिलता

जीवन चलते जाना

मक्खन जी के इन गीतों में बाल मन की व्याकुलता भी है। शैली बरबस सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की याद दिलाती है:

तपते दिन हैं बच्चे व्याकुल

गर्मी से उकताए हैं

उन्हें बुलाने ननिहालों से

कई बुलावे आए हैं

उनका मन भी खुश रखना है

गीतों में नानी लिखना

ग्रामीण अंचल में मानवीय संवेदनाओं की मौजूदगी को कुछ इस तरह बयां किया है:

आंखें रूखी-रूखी

घर भी रीता-रीता

खटका जाता कुंडी

आकर रोज फजीता

मान गाँव ने रक्खा

निर्धन की कुटिया का

सरकारी भ्रष्टाचार पर तंज कसने मे मक्खन जी कतई नहीं पिघलेः

बने योजना तो कितने ही 

उसमें पड़ते कूद 

गाय दुखी है हर खूँटे पर 

देना पड़ता दूध 

शिष्टाचारित मन से होती 

भ्रष्टाचारित जीत 

यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि ये अभिनव गीत हमारी संवेदनशीलता को बचाने की मुहिम में सशक्त आवाज हैं। भाषा डॉ कारेंद्र देव त्यागी के उपनाम मक्खन की भांति सरल, सहज व संप्रेषणीय है। सामाजिक यथार्थ तथा उसमें व्यक्ति की भूमिका को परखने का एक सफल प्रयास किया गया है। कथ्य की व्यापकता और दृष्टि की उन्मुक्तता सिद्ध करती है कि इन अभिनव गीतों में किसी विचारधारा विशेष का दबाव नहीं है। सुधारवादी दृष्टिकोण को अपनाते हुए कुछ बेहतर के लिए अन्वेषण इस संग्रह में प्रतीत होता है। हालांकि कुछ पंक्तियों को जबरन विस्तार दिया गया है परंतु मक्खन जी ने सम्पूर्ण संग्रह में मन की बात कही है और मन के विस्तार को रोका और मापा नहीं जा सकता। बिंबों और प्रतीकों का अधिक सहारा लिए बिना बात की तरह बात कह देने का हुनर मक्खन जी में ही है। संग्रह की पंक्ति जो 'खत' को लेकर लिखी गई है-'सफल कहाँ गूगल भी उनकी सकल समीक्षा में', खत की जगह इस अप्रतिम संग्रह पर चरितार्थ होती दिखाई देती है। नवगीत के परिष्कृत रूप इन अभिनव गीतों के माध्यम से मक्खन जी ने नव काव्यान्दोलन का बिगुल बजाया है। हास्य व्यंग्य के स्थापित हस्ताक्षर मक्खन जी का गीत में साहसपूर्ण पदार्पण स्तुत्य है। इस अतुलनीय संग्रह से मक्खन जी ने  धर्मवीर भारती, रघुवीर सहाय, शमशेर बहादुर और सर्वेश्वर दयाल सक्सेना सरीखे स्वनामधन्य रचनाकारों की श्रेणी में स्थापित होने के लिए कदम बढ़ा दिया है। यह अभिनव गीत-संग्रह हिन्दी साहित्य जगत में न केवल अपनी अलग पहचान बनाये वरन् शोधार्थियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो, ऐसी कामना है।


कृतिगीतों के भी घर होते हैं (अभिनव गीत संग्रह)

कवि : डॉ. मक्खन मुरादाबादी

प्रकाशन वर्ष : 2023

मूल्य : 300₹ 

प्रकाशक : गुंजन प्रकाशन, सी 130, हिमगिरि कॉलोनी, कांठ रोड, मुरादाबाद 244001


समीक्षक
:डॉ. काव्य सौरभ जैमिनी

अध्यक्ष-जैमिनी साहित्य फाउंडेशन एवं प्रबंधक-महाराजा हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, भारत ,मोबाइल फोन नंबर  9837097944

मंगलवार, 7 मई 2024

मुरादाबाद के साहित्यकार डॉ काव्य सौरभ जैमिनी द्वारा डॉ मुजाहिद फ़राज़ के ग़ज़ल संग्रह की समीक्षा....जीवन की विसंगतियों से लड़ने की ताकत देता है "ख़्वाब समन्दर के"

'ख़्वाब समन्दर के' दूसरा संग्रह है डॉ मुजाहिद फ़राज़ की ग़ज़लों और नज्मों का, जो सोलह साल के इंतजार के बाद आया है। इकहत्तर ग़ज़लों, आठ नज्मों और दोहों को समेटे यह संग्रह न केवल वीरान और बदहाल जिन्दगी की दुश्वारियों को बयां करता है वरन् वर्तमान जीवन की विसंगतियों से लड़ने की ताकत भी देता है।अपनी गज़लों में डॉ फ़राज़ मानवीय संवेदनाओं में आई गिरावट का बारीकी से मुआयना करते हैं। ऐसा लगता है मानो उन्होंने इन ग़ज़लों, नज्मों और दोहों को जिया ही नहीं उसे भोगा भी है। उन्होंने जो भी लिखा है, साफगोई और मज़बूती के साथ लिखा है....

खुली हवा न मिली, अस्ल रौशनी न मिली 

नये मकानों में सब कुछ था, जिन्दगी न मिली

हसद की आग में जलने से क्या मिला उसको 

तमाम उम्र तरसता रहा, खुशी न मिली

किसी-किसी को ये ऐज़ाज़ बख्शता है खुदा 

हर एक को तो जहाँ में सिंकदरी न मिली

इसी तलाश में सदियां गुजार दीं हमने 

सुकून जिसमें मयस्सर हो वो घड़ी न मिली

डॉ फ़राज़ न केवल उच्च कोटि के शायर हैं वरन् एक मोटीवेशनल स्पीकर भी हैं। वह दुष्यंत की तरह मेहनत और लक्ष्य प्राप्ति का हौसला भरते हैं...

मैं ऐसी धूप से गुज़रा हूँ आकर

हिरन भी जिसमें काले पड़ गये हैं

तो समझो मंजिलों की जुस्तजू है 

अगर पैरों में छाले पड़ गए हैं

इसी तरह युवा दिलों में जोश भरने और कुछ नया कर दिखाने को प्रेरित भी करते हैं ....

हमें बताओं न दुश्वारियां मसाफ़त की 

जो हौसला हो तो तूफां भी रूख बदलते हैं

अंग्रेज चले गये पर अंग्रेजियत नहीं गयी। दिल के इस दर्द को कुछ इस तरह बयां किया है डॉ. फ़राज़ ने.…..

आज़ादी-ए- गुलशन को ज़माना हुआ लेकिन

ज़हनों से गुलामी की यह काई नहीं जाती

हर नक़्श मिटा डाला है नफरत के जुनूँ ने 

ये कोट, ये पतलून, ये टाई नहीं जाती

शरीफ़ों की शराफ़त को क्या खूब बेपर्दा किया है उन्होंने ....

शराबखानों की रौनक अब उनके दम से है 

शरीफ लोग सुना था घरों में रहते हैं

डॉ फ़राज़ के शेरों के 'शेड्स' बहुआयामी हैं। खद्दर पर क्या बेहतरीन वार किया है.....

तू नादाँ क्या समझेगा इस खद्दर का ऐज़ाज़ है क्या 

ये बँगला वो कार खड़ी है, लंबी चादर तान के सो

उनका लेखकीय कैनवास वृहद है। उन्होंने रंगीन और खुशनुमा पलों को भी समाहित किया है। अपनी नज़्म के कैनवास में तितली की आमद को कुछ यूं उकेरा है....

शोख, रंगीं हसीन वो तितली

मेरे आंगन में जबसे आई है 

ऐसा लगता है जैसे रूठी हुई 

इस चमन की बहार लाई है

'ख़्वाब समंदर के' के लेखक डॉ फ़राज़ इंसान में संघर्ष के जज्बे को जलाए रखने में यकीन रखते हैं। बरबस अल्लामा इकबाल की याद आ जाती है। डाक्टर साहब की गज़लें बातें करती हैं, संवाद करती हैं, जिन्दगी जीने का सलीका सिखाती हैं। डॉ फ़राज़ का चिंतन मौलिक है सो ग़ज़लों में बनावटीपन नज़र नहीं आता। तुकांत की कोशिश में कहीं-कहीं कुछ अशआर हल्के मालूम देते हैं, परन्तु कुल मिलाकर डॉ साहब ने इतना उम्दा लिख दिया है कि उनकी स्वतः क्षतिपूर्ति हो गई है। गज़ल संग्रह में कम संख्या में दोहे उचित प्रतीत नहीं हो रहे। दोहे स्तरीय हैं, उनका पृथक प्रकाशन उनके साहित्यिक अवदान को और समृद्ध करेगा। उर्दू लेखक होने के बावजूद डॉ फ़राज़ ने हिन्दी साहित्य की तमाम खूबियों और छंदों की रस्मों को निभाने का सार्थक प्रयास किया है जिससे संग्रह पठनीय, असरदार और शानदार हो गया है। इन ग़ज़लों को देवनागरी में लिखकर उन्होंने एक अलग पहचान बनाने की कामयाब कोशिश की है। एक हुनरमंद कारीगर की भांति एक-एक पत्थर को करीने से तराश कर ग़ज़ल की यह आलीशान इमारत खड़ी करना, एक साधना है। साहित्य साधक डॉ मुजाहिद फ़राज़ साहब को इस अनूठे संग्रह के लिये दिली मुबारकबाद।



कृति : ख़्वाब समन्दर के (ग़ज़ल संग्रह)

लेखक : डॉ मुजाहिद फ़राज़ 

संस्करण: 2024 

मूल्य : 200 रुपए

प्रकाशक : गुंजन प्रकाशन, मुरादाबाद


समीक्षक 
: डॉ काव्य सौरभ जैमिनी

अध्यक्ष, जैमिनी साहित्य फाउंडेशन एवं प्रबंधक, एम०एच०पी०जी० कालेज मुरादाबाद 244001

उत्तर प्रदेश, भारत

 मो०-9837097944